जमशेदपुर: जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत परसुडीह से गोविंदपुर तक बन रही 18 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत वाली सड़क के निर्माण कार्य का विधायक मंगल कालिंदी ने औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि रहरगोड़ा चौक और गदरा वाशिंग सेंटर के पास दो स्थानों पर मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त है. इसके कारण न केवल जलापूर्ति प्रभावित हो रही है, बल्कि बन रही नई अलकतरा (पिच) रोड को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है. विधायक ने समस्या की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार और जूनियर इंजीनियर भागीरथ रामानी को कार्यस्थल पर बुलाया. (नीचे भी पढ़ें)

विधायक ने दोनों अधिकारियों के साथ क्षतिग्रस्त पाइपलाइन का गहन निरीक्षण किया और सख्त लहजे में कहा कि सड़क के फाइनल पिचिंग कार्य से पहले पाइपलाइन को हर हाल में दुरुस्त किया जाए. मौके पर विधायक ने कहा कि जनता की सुविधा के लिए 18.41 करोड़ की लागत से इस सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. पाइपलाइन लीकेज की वजह से सड़क खराब न हो और लोगों को पानी की किल्लत न हो, इसके लिए विभागीय अधिकारियों को जल्द से जल्द मरम्मत के निर्देश दिया हैं. विधायक ने संवेदक (ठेकेदार) को भी निर्देश दिया कि पाइपलाइन की मरम्मत होते ही सड़क का काम पूरी तेजी से पूरा करें ताकि स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में हो रही परेशानियों से जल्द निजात मिल सके. निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और झामुमो कार्यकर्ता भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे.








