रांची : झारखंड के पुलिस मुख्यालय सभागार में कारा व आपदा प्रबंधन विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल एवं पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्र द्वारा संयुक्त रूप से डीजीपी व आइजीपी कांफ्रेंस 2025 के मद्देनजर डिब्रिफिंग हेतु राज्य स्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक के क्रम में अपर मुख्य सचिव, गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग झारखण्ड एवं पुलिस महानिदेशक, झारखण्ड द्वारा संयुक्त रूप से समीक्षा करते हुए कई दिशा-निर्देश दिए गए. इसके तहत सभी पुलिस अधीक्षक डीजीपी व आइजीएसपी कांफ्रेंस 2025 के सभी बिन्दुओं पर थाना स्तर पर अनुपालन कराना सुनिश्चित करेंगे. नये अपराधिक कानून (न्याय संहिता) का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाये. सभी पुलिस अधीक्षक, बीट पुलिसिंग एवं सामुदायिक सहभागिता पर बल देना सुनिश्चित करेंगे. सभी क्षेत्रीय, जिला एवं थाना स्तर पर सम्मेलन आयोजित किए जाए ताकि नवीनतम परिणाम प्राप्त हो सके. सभी पुलिस अधीक्षक को गिरफ्तारी केंद्रित पुलिसिंग के बजाय दोषसिद्धि-उन्मुख जांच पर ध्यान केंद्रित करना सुनिश्चित करें. (नीचे भी पढे़ं)
नक्सल प्रभावित जिलों में कल्याण, युवा सहभागिता, खेल और सांस्कृतिक पर ध्यान केंद्रित करना सुनिश्चित करें. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यमों से पुलिस के अच्छे कार्यों का अनिवार्य रूप से प्रचार-प्रसार करना सुनिश्चित करें. खुफिया जानकारी जुटाने और जांच के लिए नैटग्रिप, एनएएफआइएस, सीसीटीएनएस, ई-कोर्ट और एआइ एनबेल्ड एनालिटिक्स का प्रभावी उपयोग करना सुनिश्चित करें. बीट पुलिसिंग व सामुदायिक पुलिसिंग को प्रभावी रूप से मजबूत करते हुए ध्यान केंद्रित करना सुनिश्चित करें. मादक पदार्थों के नेटवर्क, साइबर धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर आम जनता को जागरूक करते हेतु प्रचार-प्रसार करना सुनिश्चित करें. भारत सरकार के द्वारा निर्दिष्ट आइ-गॉट पोर्टल पर सभी अनुसंधानकर्ता के प्रशिक्षण की प्रगति का आकलन करते हुए प्रशिक्षण प्राप्त करना सुनिश्चित करें. टूरिस्ट पॉलिसी के अंतर्गत पर्यटक एवं पुलिस के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर उनकी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाये. सभी अनुसंधानकर्ता ई-साक्ष्य ऐप का शत प्रतिशत अनुपालन करना सुनिश्चित करें. अफीम की खेती को लेकर एंटी ड्रग स्ट्रैटेजी का रूपरेखा तैयार कर आम जनता को अफीम के दुष्प्रभाव को लेकर व्यापक रूप से जागरूक करने हेतु अभियान चलाया जाये. (नीचे भी पढे़ं)
पोक्सो एक्ट के अंतर्गत दर्ज कांडों के क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति की जानकारी साझा करें. अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत दर्ज कांडों के क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति, उग्रवादियों के आत्मसमर्पण पुनर्वास नीति का शत प्रतिशत क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति, महिला सुरक्षा से संबंधित सभी प्रकार के अपराध के मद्देनजर सभी प्रकार का वांछित कार्रवाई सुनिश्चित किया जाये. इस बैठक में अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, डीजीी तदाशा मिश्र, एडीजी टी कंदसामी, आइजी क्रांति कुमार गड़िदेशी, झारखंड पुलिस अकादमी के निदेशक अखिलेश कुमार झा, आइजी प्रभात कुमार, आइजी असीम विक्रांत मिंज, आइजी ए विजयालक्ष्मी, आइजी सुदर्शन मंडल, आइजी अनुप बिरथरे समेत अन्य पदाधिकारी भौतिक रूप से एवं वीडियों कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, क्षेत्रीय पुलिस उप-महानिरीक्षक, वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक (जेएपीटीसी, पदमा सहित) उपस्थित रहे.








