जमशेदपुर : सीएसआइआर–राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला की ओर से रायरंगपुर स्थित पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय के 172 छात्रों एवं 11 शिक्षकों के लिए प्रयोगशाला भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार की दुनिया से परिचित कराना था. सीएसआईआर–जिज्ञासा वर्चुअल प्रयोगशाला परियोजना के अंतर्गत आयोजित उक्त कार्यक्रम की प्रातः उद्घाटन सत्र के साथ शुरुआत हुई. इसमें सीएसआइआर एनएमएल के निदेशक डॉ संदीप घोष चौधुरी ने सभी का स्वागत किया. उन्होंने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए संस्थान के विगत 76 गौरवशाली वर्षों में विभिन्न तकनीकी विकास एवं अग्रणी कार्यों के माध्यम से सीएसआइआर–एनएमएल के राष्ट्र निर्माण में योगदान का संक्षिप्त उल्लेख किया. (नीचे भी पढ़ें)

इसके उपरांत वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ अनिमेष जाना ने सीएसआइआर–एनएमएल में जिज्ञासा कार्यक्रम के महत्व तथा इसके अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों पर प्रकाश डाला. इसके बाद डॉ श्रीदा पी ने “विज्ञान: असीम संभावनाओं की दुनिया” विषय पर एक लोकप्रिय व्याख्यान प्रस्तुत किया. कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को विभिन्न अनुसंधान प्रयोगशालाओं. जैसे एएसी, क्रीप, ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग, 3डी प्रिंटिंग प्रयोगशाला का भ्रमण कराया गया तथा डीआइवाई किट्स का प्रदर्शन भी किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं भ्रमण में शामिल सभी प्रतिभागियों के साथ समूह छायाचित्र के साथ हुआ. इस भ्रमण कार्यक्रम में शामिल छात्रों एवं शिक्षकों ने प्रयोगशाला का समग्र रूप से भ्रमण एवं अनुसंधान गतिविधियों के प्रदर्शन से प्राप्त ज्ञान और अनुभव पर संतोष व्यक्त किया.




