जमशेदपुर : कदमा शास्त्रीनगर 2 नंबर ब्लॉक स्थित बाबा जटाधारी मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि के अवसर पर अखंड हरिकीर्तन एवं भव्य शिव बरात का आयोजन किया जाएगा. मंदिर कमेटी के महासचिव सुधांशु ओझा ने उक्त जानकारी देते हुए श्रद्धालु शहर वासियों से उक्त धार्मिक आयोजन में सपरिवार शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है. (नीचे भी पढ़ें)
मंदिर कमेटी के महासचिव सुधांशु ओझा एवं अन्य पदाधिकारियों ने पत्रकारों को उक्त जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 1979 में रामनवमी के पावन अवसर पर बाबा जटाधारी मंदिर की स्थापना हुई थी. स्थापना काल से ही मंदिर समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष भव्य रूप से अखाड़ा निकाला जाता रहा है, जो क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा बन चुका है. उन्होंने बताया कि 24 नवंबर, 2012 को शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के करकमलों से बाबा जटाधारी शिव-हनुमान मंदिर का जीर्णोधार एवं स्थापित शिवलिंग की पुनः प्राणप्रतिष्ठा हुई थी, जिससे मंदिर की आध्यात्मिक गरिमा और भी बढ़ी. (नीचे भी पढ़ें)
वर्ष 2007 से मंदिर समिति द्वारा रुद्राभिषेक के उपरांत भव्य शिव बरात का आयोजन परंपरागत रूप से किया जा रहा है, जिसमें हजारों श्रद्धालु, महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं. उन्होंने बताया कि इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी महा शिवरात्रि के अवसर पर आगामी 14 फरवरी को प्रातः 11 बजे से अखंड हरिकीर्तन की शुरुआत की जाएगी जो अगले दिन, 15 फरवरी को अपराह्न 2 बजे पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा. इस अवसर पर समाज के सम्मानित अतिथियों का समारोह पूर्वक स्वागत एवं अभिनंदन भी किया जाएगा. सायं 4:30 बजे से भगवान शिव की भव्य बरात निकाली जाएगी, जिसमें अनेक आकर्षक झांकियां एवं भक्ति संगीत की प्रस्तुतियां भी शामिल रहेंगी. शिव बारात के प्सछात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद एवं भोग वितरण किया जाएगा. पत्रकारों के साथ बातचीत में समिति के अध्यक्ष उमेश सिंह, महासचिव सुधांशु ओझा, शेषनाथ पाठक, मनोज कुमार सिंह, अशोक कुमार दुबे, रौशन कुमार, संदीप पांडेय, शशिभूषण, प्रमोद सिंह, दीपक वशिष्ठ, शैलेश कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे.




