जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना चौक से हिंदू संगठनों के जुलूस के दौरान पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और विधायक सरयू राय की मौजूदगी में बन्ना गुप्ता के करीबी कांग्रेस नेता उपेंद्र सिंह मस्तान और सरयू राय के भतीजे और जदयू नेता आशुतोष राय के बीच भिड़ंत हो गयी. दोनों के बीच जमकर हाथापायी हो गयी. बाद में मौके पर मौजूद लोगों ने एक दूसरे को अलग किया, जिसके बाद मामला शांत हो पाया. बताया जाता है कि मानगो डिमना चौक से हिंदू संगठनों का अलग अलग जुलूस नववर्ष को लेकर निकल रहा था. (नीचे भी पढ़ें)

एक जुलूस में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता अपने समर्थकों के साथ जबकि दूसरा जुलूस में विधायक सरयू राय खुद मौजूद थे. इस दौरान जुलूस में बन्ना गुप्ता के करीबी और कांग्रेस नेता उपेंद्र सिंह मस्तान आगे बढ़ रहे थे. बन्ना गुप्ता पीछे थे. वहीं, सरयू राय आगे निकल गये थे और आशुतोष राय पैदल उनके पीछे चल रहे थे. बताया जाता है कि चलने के दौरान ही मस्तान सिंह और आशुतोष राय टकरा गये. इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गयी. (नीचे भी पढ़ें)

दोनों के बीच हाथापायी हो गयी. दोनों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया. बाद में दोनों का बीच बचाव किया गया. इसके बाद मामले को शांत किया गया. घटना की सूचना मिलने के बाद विधायक सरयू राय भी पहुंचे तो पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता भी पहुंचे, लेकिन तब तक मामला शांत हो गया था और फिर से जुलूस आगे बढ़ने लगा. फिलहाल, यह मामला गर्मा गया है.



