जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक अज्ञात युवक का शव तैरता पाये जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ लेक के पास जुट गई, जिससे पटमदा रोड पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. सूचना मिलने पर बोड़ाम पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. युवक की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया गया. काफी मशक्कत के बाद शाम करीब साढ़े 6 बजे युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया. (नीचे भी पढ़ें)

मौके पर मौजूद बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने शव की पहचान के लिए उसकी तस्वीर विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा की है. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार युवक की मौत कम से कम एक दिन पहले ही डूबने से हो चुकी थी, जबकि शव गुरुवार शाम करीब साढ़े 4 बजे पानी की सतह पर दिखाई दिया. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है और युवक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं.




