जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी स्थित उपकार संघ कमल चौक बुधराम मोहल्ला में श्री श्री सार्वजनिक नवरात्रि जंवारा पूजा द्वारा आयोजित नौ दिवसीय चैत्र नवरात्रि महोत्सव हर्षोल्लास और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुआ. मां बम्लेश्वरी की असीम कृपा से आयोजित इस महोत्सव में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने शिरकत की और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया. महोत्सव का शुभारंभ 19 मार्च को पूजा पंडाल के भव्य उद्घाटन के साथ हुआ था. 20 मार्च को कलश स्थापना और माता शैलपुत्री के पूजन के साथ अखंड ज्योति प्रज्वलित की गई। उत्सव के दौरान प्रतिदिन माता के विभिन्न स्वरूपों ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कुष्माण्डा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि और महागौरी की विशेष पूजा-अर्चना और संध्या आरती संपन्न हुई. 26 मार्च को महाष्टमी के अवसर पर माता महागौरी का पूजन और ‘पूर्णाहुति’ दी गई, जिसमें भक्तों द्वारा विशेष भेंट अर्पित की गई. (नीचे भी पढ़ें)

महिलाओं के लिए जो गर्भ गृह का द्वार प्रतिपदा से बंद था उसे पुर्णाहुती के पश्चात खोल दिया गया. शाम 7 बजे से भोग वितरण प्रारंभ हुआ जो देर रात्रि तक चलता रहा. 27 मार्च को सिद्धिदात्री माता के पूजन के बाद कपाली नदी की ओर भव्य विशाल विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई. इसमें महिलाएं अपने सर पर ज्योति कलश लिए चल रही थी और हजारों की संख्या मे शहरवासि भी शामिल हुए. नवमी को विसर्जन शोभायात्रा के पश्चात नौ कुंवारी कन्याओं का पूजन कर उन्हें विदा किया गया. 28 मार्च (दशमी) को दोपहर 1 बजे से ‘बालक भोग’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासि मां के प्रसाद को ग्रहण करेंगे. शाम 4 बजे से दशमी जुलूस का भव्य स्वागत किया जाएगा, जिसके साथ इस वर्ष के पूजा उत्सव का विधिवत समापन हो जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
पूजा समिति के अध्यक्ष सतपाल साहू ने सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मां बम्लेश्वरी के आशीर्वाद और स्थानीय जनता के सहयोग से इस वर्ष की जंवारा पूजा ऐतिहासिक रही. उपाध्यक्ष उमाशंकर शर्मा और महासचिव विश्वकर्मा वर्मा ने प्रशासन और सभी सेवादारों का आभार व्यक्त किया. इस सफल आयोजन में सचिव राजीव वर्मा (छोटू), कोषाध्यक्ष नरेंद्र साहू (बंटी), सह-कोषाध्यक्ष बालकृष्ण साहू और साहिल शर्मा सहित पूरी कार्यकारिणी का सराहनीय योगदान रहा.




