जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित नया बस्ती में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी पर बीयर की बोतल से जानलेवा हमला कर दिया. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के श्याम को गिरफ्तार कर लिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 24 मार्च की रात करीब 11 बजे की है. बताया जा रहा है कि आरोपी के श्याम अपने घर में शराब पी रहा था. इसी दौरान उसकी पत्नी साईना परवीन ने शराब पीने का विरोध किया. पत्नी के विरोध से नाराज होकर आरोपी आक्रोशित हो गया और उसने बीयर की बोतल तोड़कर साईना परवीन पर हमला कर दिया. इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद पीड़िता किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से हट गई, लेकिन तत्काल थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई. करीब चार दिनों बाद, साईना परवीन ने हिम्मत जुटाकर बागबेड़ा थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने देर रात छापेमारी कर आरोपी के श्याम को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है. (नीचे भी पढ़ें)
इस घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा के बढ़ते मामलों को उजागर किया है, जहां छोटी-छोटी बातों पर विवाद गंभीर रूप ले लेता है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और पीड़ित को न्याय मिल सके.




