रामगोपाल जेना/चाईबासा : शिक्षा सिर्फ डिग्री हासिल के लिए नहीं एक लक्ष्य तय कर मंजिल तक पहुंचने के लिए प्राप्त करें. ये बातें मझगांव विधायक निरल पुर्ती ने हाटगमहरिया प्रखंड के कुसमुंडा पंचायत के बडमिता उत्क्रमित उच्च विद्यालय में पांच कमरों के भवन का शिलान्यास और मझगांव प्रखंड के आसानपाठ पंचायत के आसानपाठ-पोखरपी मेन रोड से गंगपुर नदी तक पीसीसी सड़क निर्माण के शिलान्यास के अवसर पर ने कही. उन्होंने कहा कि शिक्षा वह हथियार है जिसके बल पर आप ऊंचे से ऊंचे पद पर पहुंच सकते हैं. लेकिन उसके लिए कड़ा परिश्रम, लगन और मेहनत की जरूरत है. इसलिए उन्होंने विद्यार्थियों को मैट्रिक से ही अपना लक्ष्य तय कर आगे की पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया. आज से 15–20 साल पहले जो सरकारी स्कूल में पढ़े हैं वह अच्छी तरह जानते हैं कि उनको उस प्रकार की सुविधा शिक्षा के क्षेत्र में नहीं मिलती थी जो वर्तमान समय के बच्चों को मिल रही है. इसके बावजूद आपके दादा, पिता सरकारी स्कूल से ही पढ़कर आगे बढ़े. बैठने को बेंच-डेस्क नहीं होते थे, कॉपी किताब नहीं मिलते थे. बच्चे पढ़ने के लिए 5 किलोमीटर 10 किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल तक पहुंचते थे. लेकिन वर्तमान समय बहुत बड़ा बदलाव शिक्षा के क्षेत्र में आया है. आपके स्कूल में ही अच्छा भवन, बेंच डेस्क, स्कूल ड्रेस, कॉपी किताब, मध्याह्न भोजन, छात्रवृत्ति, साइकिल, खेल की सामग्रियां, यहां तक कि पेन पेंसिल और बैग भी प्रदान किये जा रहे हैं. जो बच्चे अच्छी पढ़ाई कर रहे हैं उन्हें अतिरिक्त स्कॉलरशिप दी जाती है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि शिक्षा के बिना आज आगे बढ़ना बहुत मुश्किल है. बच्चे अच्छी शिक्षा हासिल करें और बीच में पढ़ाई कभी नहीं छोड़ें. मैट्रिक इंटर के बाद आप व्यावसायिक शिक्षा, तकनीकी शिक्षा या डिग्री शिक्षा हासिल करें, लेकिन लक्ष्य के साथ जब तक लक्ष्य तय नहीं करेंगे आपकी पढ़ाई उतनी कारगर नहीं होगी. वर्तमान समय में झारखंड सरकार शिक्षा के विकास के लिए सभी प्रकार की सुविधा प्रदान कर रही है. इसका लाभ अधिक से अधिक बच्चे उठाएं. आप-देश विदेश कहीं भी पढ़ना चाहते हैं, झारखंड सरकार के मुखिया हेमंत सोरेन आपके साथ खड़े हैं. सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, सड़क, पुल पुलिया समय सभी प्रकार के विकास का कार्य तेजी के साथ कर रही है.(नीचे भी पढ़ें)

मझगांव प्रखंड के आसानपाठ पंचायत में पीसीसी सड़क का निर्माण किया जा रहा है, यह सड़क ग्रामीणों के लिए अति महत्वपूर्ण था. पिछले दिनों क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों ने इस सड़क निर्माण की मांग की थी. इसको देखते हुए प्राथमिकता के साथ इसका निर्माण कराया जा रहा है. 6 माह के अंदर निर्माण कार्य पूरे होने के बाद स्थानीय लोगों को बरसात सहित अन्य मौसम में आने-जाने में काफी सुविधा होगी. झारखंड सरकार चाहती है कि सुदूरवर्ती हर गांव सड़क से जुड़े. इसी के तहत विकास योजना का काम किया जा रहा है. इससे पूर्व विद्यालय में बच्चों ने अतिथियों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्यालय के शिक्षक शिक्षिका, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, सचिव, सदस्य विद्यालय के बच्चे, आसान पाठ पंचायत के मानकी मुंडा, ग्रामीण और झामुमो के कार्यकर्ता उपस्थित थे.




