जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है. यह घटना शनिवार शाम करीब 3:55 बजे की बताई जा रही है. पीड़िता दिशा वर्मा, जो कदमा ऑफिसर्स कॉलोनी की निवासी हैं, पेट्रोल पंप के पास से गुजर रही थीं, तभी दो बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए. घटना इतनी तेजी से हुई कि दिशा वर्मा को संभलने का मौका तक नहीं मिला. आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे. (नीचे देखे पूरी खबर)
घटना के बाद पीड़िता सीधे कदमा थाना पहुंचीं और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि बदमाश पहले से इलाके की रेकी कर रहे थे और मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया. कदमा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने कहा कि पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है और संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है. लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.




