रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : डीएमएफटी फंड के 54 लख रुपये के खर्च पर बंदगांव प्रखंड के लांडुपदा पंचायत अंतर्गत बालेसाई में 540 मीटर पीसीसी सड़क का निर्माण किया जा रहा है. जबकि ग्रामीण पूरे गांव में 1.2 किलोमीटर सड़क बनाने की मांग कर रहे हैं. इसी कड़ी में शुक्रवार को ग्रामीण मुंडा करम सिंह सरदार की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई. बैठक में पंचायत के मुखिया कुश पुर्ती, विधायक प्रतिनिधि पीरू हेंब्रम, झामुमो नेता रामलाल मुंडा मौजूद थे. बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि डीएमएफटी फंड से गांव में 540 मीटर पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि पूरे गांव में 1.2 किलोमीटर कच्ची सड़क है. आजादी के बाद से पहली बार गांव में पक्की सड़क का निर्माण हो रहा है, लेकिन वह भी अधूरा. (नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीणों ने पूरे गांव में 1.2 किलोमीटर पीसीसी सड़क का निर्माण कराये जाने की मांग की है. कच्ची सड़क होने के कारण बारिश के दिनों में लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी होती है. सालों बाद सड़क का निर्माण हो रहा है. पूरे गांव में सड़क का निर्माण कराया जाये. अधूरे सड़क निर्माण के कारण लोगों को परेशानी होगी. एनएच 75 से दुखिया पुर्ती के घर तक 1.2 किमी पीसीसी सड़क निर्माण कराई जाए. इस दौरान उपस्थित झामुमो नेता रामलाल मुंडा ने कहा कि पहले फेज में 540 मीटर सड़क निर्माण के लिए स्वीकृति मिली है, जिसका टेंडर होकर शिलान्यास भी हो चुका है. दूसरे फेज में शेष बचे 540 मीटर सड़क निर्माण के लिए स्वीकृति ली जाएगी. मौके पर हरि सरदार, जोगन सरदार, दिलीप सरदार, नीलमणि सरदार, रुइदास सरदार, भरत सरदार, साधु सरदार, बबलू सरदार, सुनीता सरदार, सोमवारी सरदार, नंदलाल सरदार, सपनी पुर्ती, सुमी पुर्ती, आरती सरदार आदि ग्रामीण मौजूद थे.



