रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की तथा राज्य के विकास व विधि-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की. राज्यपाल ने इस अवसर पर रांची के राजभवन द्वारा प्रकाशित ‘राज भवन पत्रिका’ की प्रति प्रधानमंत्री को भेंट की. विदित हो कि यह पत्रिका 31 जुलाई 2024 से 31 जनवरी 2025 तक राज भवन, झारखण्ड की विभिन्न गतिविधियों पर आधारित है. कॉलेजों की गतिविधियों की भी जानकारी दी गयी जबकि स्थानीय स्तर पर क्या कुछ कदम उठाया जा रहा है, इसके बारे में भी जानकारी दी. बताया जाता है कि राजभवन को आम आदमी से जोड़ने के लिए भी सुझाव पीएम ने दिये है, जिसको राज्यपाल अमल में लायेंगे. बताया जाता है कि रांची से नयी दिल्ली पहुंचे राज्यपाल ने प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत तमाम नेताओं से भी मुलाकात की है.



