
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी केबुल टाउन स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर जीर्णोद्धार समिति के तत्वावधान में शनिवार को श्री हनुमान जयंती के शुभ अवसर पर मंदिर प्रांगण में श्री हनुमान चालीसा का 108 बार पाठ किया गया. इस पाठ में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर जीर्णोद्धार समिति के संयोजक और जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने बताया कि मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य को गति प्रदान करने के पावन उद्देश्य से यह आयोजन किया गया. श्री राय ने भी सुबह से शाम तक श्री हनुमान चालीसा का विधिवत पाठ किया.(नीचे भी पढ़े)

शनिवार को पंडित विनोद पांडेय के नेतृत्व में ग्यारह ब्राह्मणों ने सर्वप्रथम हनुमान जी एवं अन्य देवी-देवताओं का आह्वान किया गया. इसके बाद विधिवत पूजा प्रारंभ की गई. फिर एक साथ हजारों लोगों ने श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया. पाठ के बाद प्रसाद वितरण और उसके बाद भोग वितरण हुआ. भोग में शहर के हजारों लोगों ने हिस्सा लिया. आम शहरियों की भागीदारी इसमें सर्वाधिक रही. इस कार्यक्रम को सफल बनाने में आशुतोष राय, सुबोध श्रीवास्तव, अमृता मिश्रा, रामनारायण शर्मा, असीम पाठक, नीरज सिंह, साकेत गौतम, विकास कुमार, समरेश कुमार, राघवेंद्र प्रताप सिंह, आर. गोविंद राजन, मानस मिश्रा, आदित्य मुखर्जी समेत कई लोगों ने महती भूमिका निभाई.



