जमशेदपुर : टाटा स्टील ने राष्ट्रीय अग्नि सेवा दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर अपने कर्तव्य का निर्वाह करने के दौरान प्राणों की आहुति देने वाले बहादुर अग्निशामकों को श्रद्धांजलि अर्पित की. टाटा स्टील 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक सभी इकाइयों में “राष्ट्रीय अग्नि सेवा सप्ताह” भी मनाएगी. इस दौरान कर्मचारियों, वेंडर पार्टनर्स, ठेकेदारों, स्कूली छात्रों एवं समुदाय के बीच अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. आयोजित उद्घाटन समारोह में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट चाणक्य चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज, जमशेदपुर में उपस्थित रहे.(नीचे भी पढ़े)

टाटा स्टील मेडिकल सर्विसेज के जीएम डॉ विनिता सिंह, चीफ सिक्योरिटी एंड ब्रांड प्रोटेक्शन अरविंद कुमार सिन्हा तथा टाटा वर्कर्स यूनियन के फायर ब्रिगेड के कमेटी मेंबर शहनवाज़ खान ने जांबाज अग्निशामकों को श्रद्धांजलि अर्पित की. चाणक्य चौधरी ने समुदाय को जानलेवा स्थितियों से बचाने के लिए अग्निवीरों की साहस और निस्वार्थता की सराहना की. उन्होंने टाटा स्टील की फायर सर्विस की सराहना करते हुए कंपनी के अंदर और बाहर अग्नि संबंधित आपात स्थितियों के प्रबंधन में उनकी दक्षता की प्रशंसा की. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने टाटा स्टील फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज, जमशेदपुर में किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए उच्चस्तरीय अग्निशमन संसाधनों की उपलब्धता की सराहना की. आग की रोकथाम को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए, उन्होंने टीम से शॉप-फ्लोर पर नियमित फायर ऑडिट्स करने की आवश्यकता पर बल दिया. साथ ही, उन्होंने फायर एंड रेस्क्यू टीम को सप्ताहभर की गतिविधियों को पूरी निष्ठा के साथ सम्पन्न करने की सलाह दी, ताकि शॉप-फ्लोर और समुदायों में आग सुरक्षा के बारे में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाई जा सके. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने अग्निशमन वाहन को भी झंडी दिखाकर रवाना किया. उल्लेखनीय है कि, 14 अप्रैल को भारत में राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस के रूप में मनाया जाता है. इस दिन, 1944 में, मुंबई पोर्ट के डॉक पर एसएस फोर्ट स्टिकिन नामक जहाज में विस्फोट के बाद भयंकर आग लग गई थी. उस दौरान, अग्निशमन कर्मियों ने अपने कर्तव्य के प्रति अद्वितीय साहस और समर्पण का परिचय देते हुए इस विशाल आग से जूझते हुए कई लोगों की जानों की रक्षा की. दुर्भाग्यवश, इस संघर्ष में कई वीर अग्निशमन कर्मी शहीद हो गए थे. इस दिन को याद करते हुए, हम उनकी बलिदान और साहस को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं.




