रांची/जमशेदपुर : पाकिस्तान पर भारत के किये गये एयर स्ट्राइक का हर कोई स्वागत कर रहा है. इस कड़ी में कई राजनेताओं ने इस अटैक का जोरदार स्वागत किया है. (नीचे भी पढ़ें)

पाकिस्तान पर किए गए कार्रवाई को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की प्रतिक्रिया
पहलगाम की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रखा दिया था, जिससे भारत की क्षति हुई और ऐसे लोगों की जान की गई जो सैलानी के रूप में वहां घूमने गए थे. भारत ने हमेशा आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। इस घटना ने पूरे देश के लोगों को विचलित किया है और इसी का जवाब देते हुए सेना ने आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की है. उन्होंने कहा कि आतंकियों का कोई धर्म नहीं होता, कोई जात नहीं होता, ये सिर्फ आतंक फैलाते हैं और लोगों की जान माल को क्षति पहुंचाते हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है और इसके खिलाफ पूरा देश एकजुट है. (नीचे भी पढ़ें)

ऑपरेशन सिंदूर पर सरयू राय की प्रतिक्रिया
विधायक सरयू राय ने कहा है कि भारत ने पाकिस्तान द्वारा किये गये आतंकी हमले का सटीक और कड़ा जवाब दिया है. इससे भारतीय राजनीतिक नेतृत्व और तीनों सेनाओं की प्रतिष्ठा बढ़ी है. आम जनता में साख बढ़ी है। भारत की जनता जो चाहती थी, उसे प्रधानमंत्री और हमारी सेनाओं ने करके दिखा दिया. यह पाकिस्तान के लिए एक बड़ा सबक है. अगर पाकिस्तान यूं ही बढ़-चढ़कर बातें करता है तो भारत को पाकिस्तान पर हमला कर देना चाहिए और इस हमले में जो भी जमीन हासिल हो, उसे वापस नहीं करना चाहिए. 1965 और 1971 की तरह सीमा के उस पार जितना बड़ा संकट है. उससे बड़ा संकट देश के भीतर है. जो पाकिस्तान परस्त लोग हैं, जिन्होंने पाकिस्तान बनने के पक्ष में विचार व्यक्त किया था. 1947 में पर पाकिस्तान गये नहीं, इस मानसिकता वाले जो लोग हैं. वो लोग ज्यादा बड़ा खतरा हैं. सीमा और सीमा के पार के संकट से तो सेना निपट लेगी, लेकिन देश के अंदर जो संकट है. उसके लिए जनता को तैयार रहना पड़ेगा. जो विपक्षी राजनीतिक दल हैं, उन्हें ऐसे समझ में जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए. देश एक है, एकजुट है, यह दिखाने के लिए हम लोग सभी राजनीतिक मतभिन्नता को भुला देने का समय है. (नीचे भी पढ़ें)

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया एक्स पर दिया है. उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का लोगो लगाते हुए जय हिंद की सेना लिखा है. हेमंत सोरेन ने भारतीय सेना की तारीफ की है. (नीचे भी पढ़ें)

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की प्रतिक्रिया
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि हमारे वीर जवानों ने अपने शौर्य और पराक्रम से ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पहलगाम हमले में पीड़ित बहनों के सिंदूर का बदला लिया है. इस वीरता को नमन और सेना के जवानों को सैल्यूट करता हूं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बता दिया है कि आतंकवादियों और उनके सरपरस्तों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जायेगा. (नीचे भी पढ़ें)

पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की प्रतिक्रिया
पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस्लामिक आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई प्रारंभ कर दी है. भारतीय सेना अपने चिर परिचित अंदाज में अद्भुत शौर्य और पराक्रम का परिचय देते हुए दुश्मन के घर में घुस कर आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया है. हमारे देश की ओर आंख उठाकर भी देखने वाले आतंकवादियों और उसके रहनुमाओं का सिर कुचल दिया जाएगा.



