जमशेदपुर : जमशेदपुर के पोटका प्रखंड के अतिसुदूरवर्ती ग्वालकाटा पंचायत अंतर्गत बुधवार को स्थानीय विधायक संजीव सरदार ने दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया. पहली योजना के तहत शाहरजुड़ी गांव में झारखंड सरकार के अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से धुमकुड़िया भवन का निर्माण होगा. वहीं दूसरी योजना के अंतर्गत एल-089 सड़क से पोडसा गांव तक सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य कराया जाएगा. (नीचे भी पढ़े)

शिलान्यास के मौके पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि राज्य सरकार पोटका क्षेत्र के गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है. “हमारा प्रयास है कि किसी भी गांव को विकास से वंचित न रहने दिया जाए. सड़कों का निर्माण न केवल संपर्क साधन मजबूत करेगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा, उन्होंने कहा. विधायक ने जानकारी दी कि उनकी अनुशंसा पर इस वित्तीय वर्ष में राज्य सरकार द्वारा तीन दर्जन से अधिक सड़कों की मरम्मत और मजबूतीकरण के लिए स्वीकृति दी गई है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले दो वर्षों के भीतर पोटका विधानसभा क्षेत्र की अधिकांश सड़कों की स्थिति में व्यापक सुधार किया जाएगा. (नीचे भी पढ़े)

विधायक संजीव सरदार ने ग्रामीणों से अपील की कि वे विकास योजनाओं की निगरानी खुद करें. उन्होंने कहा कि कोई भी अनियमितता दिखे तो बेझिझक मुझे सूचित करें. हम चाहते हैं कि काम समय पर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा हो. शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान शाहरजुड़ी और आसपास के गांवों से आए दर्जनों ग्रामीणों ने विधायक का पारंपरिक रीति-रिवाज से स्वागत किया. ढोल-नगाड़ों के बीच संजीव सरदार को स्थानीय परंपराओं के अनुसार आदरपूर्वक सम्मानित किया गया. इस मौके पर पूर्व पार्षद हीरामणि मुर्मू, प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, हितेश भगत, भुवनेश्वर सरदार, पंचायत समिति सदस्य सीताराम हांसदा, पिनाकी नायक, भोजाई, राजू, राम सोरेन समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.




