रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गुरुवार को रांची में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की. इस दौरान श्री दास ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी. उन्होंने ट्वीट किया, देश के गृह मंत्री अमित शाह से उनके रांची प्रवास के दौरान स्नेहिल मुलाकात हुई. इस दौरान झारखंड के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गयी.इसके बाद एक बातचीत के क्रम में पूर्व सीएम रघुवर दास ने झारखंड सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विदेशी धर्म के दबाव में पेसा कानून को लागू नहीं कर रही है. (नीचे भी पढ़े)
अगर यह कानून लागू हो गया तो पारंपरिक व्यवस्थाओं को माननेवाले लोग ग्राम प्रधान बनेंगे और ग्राम समिति के जरिए गांवों का विकास होगा. श्री दास ने कहा कि पेसा लागू होने पर गांव की सरकार को बालू घाट, तालाब, वनोपज जैसे संसाधनों का अधिकार मिलेगा. इससे एक ओर गांव की आमदनी बढ़ेगी, वहीं दूसरी ओर बालू, पत्थर जैसे खनिज संसाधनों की लूट पर रोक लगेगी. उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार से पेसा के लिए 1400 करोड़ रुपये का फंड मिलेगा. इससे जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा होगी और ग्राम सभा के जरिए स्वशासन स्थापित होगा.



