जमशेदपुर : सावन का महीना आने से पहले ही लौहनगरी जमशेदपुर के बाजार पूरी तरह से सज गए हैं. बाजारों में कांवर, गेरुआ कपड़े और पूजा सामग्रियों की खरीदारी जोरों पर है. महिलाएं भी सावन में हरी चूड़ियों की खरीदारी में जुट गई हैं. बाजारों में अलग-अलग डिजाइन की हरी चूड़ियां महिलाओं को खूब पसंद आ रही हैं. महिलाएं कहती हैं कि सावन का महीना भोलेनाथ का होता है और इस महीने हर तरफ हरियाली रहती है. इसलिए वे हरी चूड़ियां पहनकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करती हैं, ताकि उनका आशीर्वाद बना रहे. वहीं, जमशेदपुर के बाजारों में कांवर यात्रा को लेकर भी रौनक है. यहां से बड़ी संख्या में कांवरिया सुल्तानगंज जाकर जल भरते हैं और देवघर में बाबा भोलेनाथ पर जलाभिषेक करते हैं. इसको लेकर लोग कांवर और गेरुआ रंग के कपड़े खरीद रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
शिव भक्त उमेश श्रीवास्तव ने कहा कि पूरे साल उन्हें सावन का इंतजार रहता है, ताकि वे बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सकें. वहीं भक्त सुरेश साव ने भी कहा कि सावन में बाबा की भक्ति करने का अलग ही सुख मिलता है. वहीं दुकानदारों ने भी अपनी दुकानों में तरह-तरह की डिजाइन वाले गेरुआ रंग के कपड़े, टीशर्ट, गमछा और झंडे सजा रखे हैं. दुकानदार उमेश साव ने बताया कि इस बार बाबा भोलेनाथ के टीशर्ट की बिक्री सबसे ज्यादा हो रही है. लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं. आपको बता दें कि सावन का महीना शुरू होते ही पूरा जमशेदपुर बाबा भोलेनाथ की भक्ति में रंगा नजर आने लगता है. बाजारों से लेकर मंदिरों तक भक्त तैयारी में जुट गए हैं ताकि सावन में बाबा को जल अर्पित कर उनका आशीर्वाद ले सकें.



