जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के एनएच 33 स्थित ब्लू डायमंड होटल के पास गुरुवार देर शाम सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान पिपला निवासी सुनील मार्डी (31) के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रैक्टर चालक था. मिली जानकारी के अनुसार, सुनील अपने घर से बाइक पर सवार होकर डिमना चौक की ओर जा रहा था. रास्ते में ब्लू डायमंड होटल के पास उसकी बाइक सड़क पर बने गड्ढे में जा फंसी. अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक पलट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोग तुरत मौके पर पहुंचे और घायल को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सुनील को मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

हादसे की खबर मिलने पर एमजीएम थाना पुलिस अस्पताल में पहुंची एवं शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की. शव को अस्पताल के शीतगृह में रखवा दिया गया है, जहां शुक्रवार को उसका पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा. स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर गहरे गड्ढों की वजह से इस तरह की दुर्घटनाएं आए दिन हो रही हैं. शाम के समय रोशनी कम होने से से वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं हो पाता, जिसके चलते हादसे की आशंका बनी रहती है. लोगों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है. सुनील की मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.



