जमशेदपुर : जमशेदपुर में बुधवार, 06 मई को भारतीय मॉडल मिडिल स्कूल के कक्षा 6 से 8 तक के छात्र-छात्राओं के लिए सिविल डिफेंस, झारखंड सरकार की टीम द्वारा विशेष आपदा प्रबंधन एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों को आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने और दूसरों की मदद करने के लिए तैयार करना था. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में सिविल डिफेंस के प्रधान लिपिक सुरेश प्रसाद, प्रशिक्षक मजहरुल बारी सहित टीम के सदस्य विनय महतो, बसंत कुमार, सौमेन्द्र बस्तिया, सज्जाद हुसैन एवं सोमू किशोर उपस्थित रहे. विद्यालय की ओर से प्रभारी प्रधानाध्यापक संजीव कुमार सिंह, शिक्षिकाएं रीता कुमारी श्रीवास्तव, प्रिया रानी एवं ज्योति कुमारी ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई. (नीचे भी पढ़ें)

प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को पानी में डूबते व्यक्ति को बचाने, सड़क दुर्घटना में घायल को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने, आग लगने की स्थिति में बचाव के उपाय तथा आपातकालीन निकासी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई. टीम ने व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से सरल और प्रभावी तकनीकों को समझाया, जिससे छात्र-छात्राएं उत्साहित दिखे और उन्होंने सक्रिय रूप से प्रशिक्षण में भाग लिया.







