जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत करनडीह स्थित लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल कॉलेज में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया. यूजी सेमेस्टर-6 की फाइनल परीक्षा देकर निकल रही छात्रा गम्हरिया निवासी पूजा मंडल बिजली के करंट की चपेट में आ गई. आनन-फानन में उसे खासमहल स्थित सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई है.(नीचे भी पढ़े)

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम को झमाझम बारिश हुई थी, जिससे कॉलेज परिसर और सभागार के आसपास जलजमाव हो गया था. परीक्षा खत्म होने के बाद पूजा मंडल अपने तीन-चार साथियों के साथ हॉल से बाहर निकल रही थी. इसी दौरान परिसर में फैले पानी में संभवतः बिजली प्रवाहित होने के कारण वह करंट की चपेट में आ गई. करंट लगते ही पूजा मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी. करंट का झटका इतना तेज था कि छात्रा बेहोश हो गयी और दांत जकड़ गए. कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद छात्रों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह पूजा का मुंह खुलवाया और उसे प्राथमिक सहायता दी. एम्बुलेंस का इंतजार किए बिना छात्र उसे निजी वाहन से तत्काल सदर अस्पताल ले गए. इस घटना के बाद छात्रों में रोष व्याप्त है. घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज के प्राचार्य भी अस्पताल पहुंचे और छात्रा का हाल जाना.







