जमशेदपुर: जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर स्थित जेवियर पब्लिक स्कूल में 9 मई शनिवार को मदर्स डे बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा मां के सम्मान में सुंदर भाषणों से हुई. इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मेरी मां सबसे प्यारी तथा मां का त्याग विषय पर अपने विचार व्यक्त किए. बच्चों ने अपने शब्दों के माध्यम से मां के प्रेम, त्याग और ममता का भावपूर्ण वर्णन किया. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड और पोस्टर बनाकर अपनी माताओं के प्रति प्रेम और सम्मान प्रकट किया. (नीचे भी पढ़े)
बच्चों की रचनात्मकता और भावनाओं से भरे कार्ड सभी को बहुत पसंद आए. इसके अलावा विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग डांस एवं एक्ट प्रस्तुत किए गए , जिसमें मां और बच्चों के अनमोल रिश्ते को सुंदर ढंग से दर्शाया गया. बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया और पूरे वातावरण को भावुक एवं आनंदमय बना दिया. विद्यालय के शिक्षकों ने भी बच्चों को मां के महत्व और उनके त्याग का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया. इस प्रकार यह पूरा कार्यक्रम सभी शिक्षक और शिक्षिकाओं की उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.







