जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बागुनहातु में शनिवार सुबह घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. पति रवि सिंह ने अपनी पत्नी रेशमा सिंह पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची रेशमा की मां सुनीता कालिंदी भी घायल हो गईं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ. देखते ही देखते विवाद बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गया. इसी दौरान गुस्से में आए रवि सिंह ने चाकू उठा लिया और अपनी पत्नी रेशमा सिंह पर हमला कर दिया. चाकू लगने से रेशम घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी. बेटी को बचाने पहुंची उसकी मां सुनीता कालिंदी को भी आरोपी ने धक्का-मुक्की और हमले में घायल कर दिया.(नीचे भी पढ़े)
घटना की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा सिदगोड़ा थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा है.इधर घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति रवि सिंह मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद चलता आ रहा था. बताया जा रहा है कि इससे पूर्व भी रवि सिंह द्वारा पत्नी रेशम के साथ मारपीट और हमला किए जाने की घटना सामने आ चुकी है.सिदगोड़ा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी की तलाश जारी है.







