जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में शनिवार दोपहर भारी ट्रैफिक जाम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी. मानगो चौक से डिमना रोड होते हुए गांधी मैदान तक वाहनों की लंबी कतार लग गई. स्थिति इतनी खराब हो गई कि दोपहिया, चारपहिया वाहन समेत कई एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं. लोगों को घंटों सड़क पर जूझना पड़ा.दोपहर के समय बाजार में बढ़ी भीड़, सड़क किनारे अवैध पार्किंग और एक साथ कई मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से हालात बिगड़ गए. (नीचे भी पढ़े)

जाम का असर केवल डिमना रोड तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ओल्ड पुरुलिया रोड, बड़ा पुल और छोटा पुल घाट रोड तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई. कई लोग जरूरी काम और अस्पताल जाने के दौरान रास्ते में फंसे रहे.जाम के कारण स्कूली बच्चे, नौकरीपेशा लोग और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी हुई. सड़क पर लगातार हॉर्न बजने और वाहनों के रेंग-रेंग कर आगे बढ़ने से लोगों में नाराजगी देखी गई. स्थानीय लोगों ने बताया कि मानगो क्षेत्र में हर सप्ताहांत इसी तरह की स्थिति बन जाती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है.ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और जाम हटाने में जुट गई. पुलिसकर्मियों ने मानगो चौक, गांधी मैदान और पुल के पास मोर्चा संभालकर वाहनों को नियंत्रित करने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका.







