जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से विगत 4 वर्षों से प्रत्येक माह टीबी मरीजों को प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत पोषण किट की सहायता के रूप में एक महीने का पौष्टिक राशन व विटामिन प्रदान किया जाता रहा है. इसी कड़ी में सोमवार को साकची रेड क्रॉस भवन में यह आयोजन सम्पन्न हुआ. (नीचे भी पढ़ें)

समाजसेवी गणेश राव, पूर्वी घोष, पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, रेड क्रॉस के वाइस पेट्रॉन डीके घोष, कार्यकर्ता राधेश्याम कुमार ने इस अवसर पर टीबी मरीजों को एक एक महीने का पोषण किट प्रदान किया. कार्यक्रम में जिला टीबी नियंत्रण विभाग के सुजय कुमार प्रमाणिक एवं गंगाधर महतो ने सहयोग कर जरूरतमंद टीबी मरीजों का चयन कर उन्हें पोषण किट लेने के लिए भेजा. कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस के अन्य कार्यकर्ताओं ने भी सहयोग प्रदान किया. (नीचे भी पढ़ें)

पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव बिजय कुमार सिंह ने टीबी मरीजों से अनुरोध किया कि वे विभाग द्वारा मिलने वाली दवाइयों का नियमित सेवन करें, पौष्टिक भोजन करें एवं स्वच्छता के साथ रहें ताकि जल्द से जल्द ठीक होकर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो सकें. अन्य अतिथियों ने भी टीबी मरीजों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की शुभकामनाएं दीं.







