जमशेदपुर : झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, झारखण्ड द्वारा प्राप्त निर्देश के आलोक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार पूर्वी जिला अन्तर्गत सभी 06 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर 23 अप्रैल शनिवार को अनमैप्ट इलेक्टर की सूची प्रकाशित की जाएगी. यह प्रक्रिया मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत की जा रही है. जिला अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों क्रमश: 44-बहरागोड़ा, 45-घाटशिला (अ.ज.जा.), 46-पोटका (अ.ज.जा.), 47-जुगसलाई (अ.जा.), 48-जमशेदपुर पूर्व तथा 49-जमशेदपुर पश्चिम के सभी मतदान केंद्रों पर अनमैप्ट इलेक्टर की सूची उपलब्ध रहेगी. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि विशेष गहन पुनरीक्षण के क्रम में अभी तक जिन मतदाताओं का नाम पिछले एसआईआर 2003 की मतदाता सूची से मैप नहीं हो पाया है, वे संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अनमैप्ट इलेक्टर लिस्ट में अपना नाम जांच कर सकते हैं. यह व्यवस्था 23 मई शनिवार को कार्यालय अवधि तक उपलब्ध रहेगी. उक्त तिथि को सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर सूची का प्रकाशन करेंगे तथा संबंधित बीएलओ उक्त सूची के साथ अपने मतदान केन्द्र में उपलब्ध रहेंगे. सभी मतदाताओं से अपील है कि यदि उनका नाम पूर्व की मतदाता सूची से मैप नहीं हुआ है, तो वे 23 मई को अपने मतदान केंद्र पर पहुँचकर सूची में जांच करें तथा बी.एल.ओ. से संपर्क कर आवश्यक मैपिंग प्रक्रिया पूर्ण करायें.






