जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और विधि-सम्मत तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर बुधवार को चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व चांडिल एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक, दंडाधिकारी, कपाली ओपी प्रभारी एवं भारी संख्या में तैनात पुलिस बल ने संयुक्त रूप से किया. प्रशासनिक टीम ने अब तक क्षेत्र के करीब छह से सात अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की, जहां अवैध रूप से गोवंशीय पशुओं के भंडारण की सूचना प्राप्त हुई थी. (नीचे भी पढ़ें)
छापेमारी के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तथा संबंधित दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच की. संवेदनशील और चिन्हित इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को समय रहते रोका जा सके. प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि बकरीद पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इसके लिए पुलिस लगातार क्षेत्र में गश्ती अभियान चला रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
छापेमारी अभियान के बाद इलाके में हलचल का माहौल देखा जा रहा है. हालांकि स्थानीय प्रशासन ने आम लोगों से संयम, शांति और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की है. साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया है. फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है और पूरे मामले पर प्रशासन की कड़ी निगरानी बनी हुई है.







