जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित मिल्लत नगर में रविवार शाम उधारी और कथित रंगदारी को लेकर हुए विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई. आरोप है कि मोहल्ले के ही दो युवकों ने एक जनरल स्टोर संचालक को धमकाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. जानकारी के अनुसार, हबीब नगर स्थित एक जनरल स्टोर पर मोहल्ले के रहने वाले बच्चा राज और पलटन नामक युवक पहुंचे थे. आरोप है कि दोनों ने दुकानदार से करीब पांच हजार रुपये की उधारी के साथ रंगदारी की मांग की. दुकानदार द्वारा पैसे देने से इनकार किए जाने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और विवाद बढ़ गया. (नीचे भी पढ़ें)
स्थिति बिगड़ती देख दुकानदार ने अपनी दुकान का शटर बंद कर दिया. इसके बाद आरोपियों ने शटर पर लात मारकर तोड़फोड़ की और दहशत फैलाने के लिए दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक गोली दुकान के सामने बंपर के पास चली, जबकि दूसरी गोली पास के इलाके में दागी गई. स्थानीय लोगों के अनुसार घटना शाम करीब 7:45 बजे हुई. गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और इलाके में भय का माहौल बन गया. घटना स्थल से दो खोखा भी बरामद किए गए हैं. मोहल्ले के लोगों का दावा है कि दोनों आरोपियों का आपराधिक गतिविधियों से पुराना संबंध रहा है और उनके खिलाफ पहले भी कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.







