जमशेदपुर : जमशेदपुर के एकमात्र सरकारी अस्पताल एमजीएम अस्पताल में एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. आदित्यपुर स्थित गम्हरिया निवासी एक परिवार ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. परिजनों के अनुसार, उनका 13 वर्षीय बेटा मधुमेह से पीड़ित था और तबीयत बिगड़ने पर उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक के स्वजनों का आरोप है कि अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सक और आवश्यक सुविधाओं का अभाव था. (नीचे देखे पूरी खबर)

उन्होंने कहा कि बच्चे की मौत के बाद उन्हें शव को वार्ड से बाहर ले जाने के लिए स्ट्रेचर तक उपलब्ध नहीं कराया गया. परिजन अस्पताल के विभिन्न विभागों में स्ट्रेचर की तलाश करते रहे, लेकिन कहीं से सहायता नहीं मिली. परिजनों के अनुसार, अस्पताल कर्मियों ने उन्हें एक विभाग से दूसरे विभाग भेजकर टाल दिया. काफी प्रयास के बाद भी जब स्ट्रेचर की व्यवस्था नहीं हुई तो मजबूर होकर परिवार के सदस्यों को बच्चे के शव को गोद में लेकर अस्पताल से बाहर निकलना पड़ा. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल की ओर से शव वाहन की सुविधा भी उपलब्ध नहीं कराई गई, जिसके कारण उन्हें निजी साधन से शव घर ले जाना पड़ा. घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है. इस मामले ने एक बार फिर एमजीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.







