जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह ओपी अंतर्गत आदर्शनगर में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है. चोरों ने एक बंद पड़े घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया. पीड़ित परिवार के अनुसार उनका घर अधिकांश समय बंद रहता है और वे साकची में रहते हैं. शनिवार रात अचानक पड़ोस की एक बच्ची का फोन आया जिसने बताया कि उनके घर का वेंटिलेटर टूटा हुआ है. सूचना मिलते ही परिवार के लोग तत्काल आदर्शनगर स्थित घर पहुंचे. (नीचे देखे पूरी खबर)

घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि घर के अंदर का सामान पूरी तरह अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ है. चोरों ने अलमारी का ताला तोड़ दिया था और पूरे घर में सामान बिखरा हुआ था. जब परिवार ने जांच की तो पता चला कि घर में रखे कई जेवरात चोरी हो चुके हैं. परिजनों का कहना है कि चोर केवल जेवरात ही नहीं ले गए बल्कि घर में रखा गैस सिलेंडर और एसी समेत कई अन्य जरूरी सामान भी अपने साथ ले गए. चोरी की इस वारदात से परिवार को भारी नुकसान हुआ है. परिवार ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर भी पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी.







