जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र में रविवार सुबह 22 वर्षीय युवक विकास सिंह का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शँकोसाई रोड नंबर-2 निवासी विकास सिंह का शव आदिवासी क्लब के पास झाड़ियों में खून से लथपथ हालत में बरामद किया गया. शव पर सिर के आगे और पीछे गंभीर चोटों के निशान मिले हैं. प्रारंभिक आशंका है कि युवक पर धारदार हथियार और लोहे की रॉड से हमला किया गया. परिजनों के अनुसार विकास शनिवार रात करीब 8 बजे के बाद से लापता था. (नीचे देखे पूरी खबर)

रविवार सुबह उसकी बहन काजल कौर को एक परिचित ने फोन कर झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना दी. सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई. मृतक के परिजनों ने हत्या को मार्च 2025 में हुए सौरभ शर्मा उर्फ पवन बच्चा हत्याकांड से जोड़ते हुए इसे बदले की कार्रवाई बताया है. उनका कहना है कि उस मामले में विकास का छोटा भाई विक्की सिंह जेल गया था और कुछ महीने पहले ही रिहा होकर घर लौटा था. परिवार का आरोप है कि घटना से दो दिन पहले कुछ युवकों ने विकास को जान से मारने की धमकी भी दी थी. (नीचे देखे पूरी खबर)

घटना की सूचना पर उलीडीह पुलिस, फॉरेंसिक टीम और खोजी कुत्तों की मदद से घटनास्थल की जांच की गई. पुलिस ने वीडियोग्राफी कराई तथा कई अहम साक्ष्य जुटाए. मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर उलीडीह थाना पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. करीब एक घंटे तक चले विरोध के बाद पुलिस अधिकारियों ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई तेज करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए. मृतक की बहन काजल कौर के बयान पर कई नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है. हालांकि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात फिलहाल परिजनों का आरोप है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.







