जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों को इपीएस 95 का लाभ दिलाने को लेकर टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, महामंत्री सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह और उपाध्यक्ष शहनवाज आलम दिल्ली में कैंप कर रहे है. रविवार को इन लोगों ने पहले केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात की. वहीं, सोमवार को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से इनकी मुलाकात की. सोमवार की मुलाकात के दौरान अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु मौजूद नहीं थे. श्रम मंत्री के समय वे मौजूद थे. (नीचे भी पढ़े)
इस दौरान इन लोगों ने ज्ञापन सौंपा और मांग की कि इपीएस 95 के लाभ से हजारों कर्मचारियों को वंचित होना पड़ रहा है क्योंकि इसका आवेदन देने का विंडो को बंद कर दिया गया है. इसके विंडो को फिर से कम से कम एक माह के लिए खोला जाये ताकि बचे हुए लोग अपना आवेदन दे सके. इसका आवेदन नहीं देने के कारण वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों और सेवानिवृत लोगों को भी नुकसान हो रहा है. केंद्रीय मंत्रियों ने आश्वासन दिया कि इस मसले पर वे गंभीरता से बातचीत करेंगे. केंद्र सरकार के साथ बातचीत कर फैसला लिया जायेगा. इससे पहले सांसद विद्युत वरण महतो ने भी इस मसले पर मुलाकात केंद्रीय श्रम मंत्री से की थी.







