जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के समीप हुई हत्या के मामले में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मृतक हिमांशु के परिजनों से उनके आदित्यपुर आवास पर जाकर मुलाकात की. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने 1 जुलाई को बिष्टुपुर स्थित मिलानी हॉल में जमशेदपुर में कानून व्यवस्था की स्थिति पर सर्वदलीय व सर्व समाज और समाज के प्रबुद्ध लोगों की बैठक बुलाई है. बैठक शाम 4 बजे से प्रारंभ होगी. सरयू राय ने बताया कि यह बैठक प्रबुद्धजनों के साथ-साथ समाज के हर वर्ग और हर दल के लोगों के साथ हो रही है. इस बैठक में जमशेदपुर में कानून व्यवस्था की स्थिति पर विषय पर चर्चा होगी. उन्होंने कहा कि आज ऐसी स्थिति बन गई है कि अगर एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होती है तो उसके इलाके के लोग उसके समर्थन में आ खड़े होते हैं. (नीचे भी पढे)
ऐसे में, इस तरह के मामलों को किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं रखना चाहिए बल्कि पूरे समाज को समाधान की दिशा में एक साथ कदम बढ़ाना होगा. इसके पूर्व श्री राय ने हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस की भूमिका पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर मौजूद पुलिस शिथिल, अपनी जिम्मेदारी के प्रति लापरवाह दिखी. अगर पुलिस एक्टिव रहती, अपनी जिम्मेदारी के प्रति सजग रहती तो वह नहीं होता, जो हो गया. श्री राय ने कहा कि जमशेदपुर पुलिस में शिथिलता और लापरवाही का आलम यह है कि सामान्य लोगों की प्राथमिकी तक दर्ज नहीं होती. उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है जब पुलिस महकमे में ऊपर से लेकर नीचे तक परिवर्तन कर देना चाहिए. सरयू राय ने कहा कि इस पूरे प्रकरण में सरकार को भी गंभीरता दिखानी चाहिए. यदि सरकार गंभीरता दिखाएगी, संवेदनशीलता को समझेगी, तभी प्रभावी कार्रवाई संभव होगी.







