जादूगोड़ा : देशव्यापी ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत ग्रुप केन्द्र सीआरपीएफ जमशेदपुर उत्क्रमित उच्च विद्यालय माटीगोड़ा में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया. यह आयोजन जमशेदपुर सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप कमांडेंट पवन कुमार ने विद्यार्थियों को वंदे मातरम् की उत्पत्ति, ऐतिहासिक महत्व तथा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में इसकी प्रेरणादायी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वंदे मातरम् केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और मातृभूमि के प्रति समर्पण का सशक्त प्रतीक है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने विद्यार्थियों से इसके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया. हर घर तिरंगा अभियान एवं वंदे मातरम् विषयक जागरूकता गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया. इस अवसर पर सहायक कमांडेंट मकसूद आलम, निरीक्षक अभिषेक चौधरी व प्रीतम सहित सीआरपीएफ के अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे. विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, विद्यार्थियों तथा ग्रुप केन्द्र, सीआरपीएफ, जमशेदपुर के कार्मिकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया.




