सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियों के क्रम में गुरुवार को सरायकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में फुल ड्रेस परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास संपन्न हुआ. परेड का निरीक्षण उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगिंयारी ने किया. निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी. इस दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. (नीचे भी पढ़ें)

फुल ड्रेस परेड में जिला सशस्त्र बल की एक टुकड़ी, सीआरपीएफ की एक टुकड़ी, गृह रक्षा वाहिनी की एक टुकड़ी, एनएपी की एक टुकड़ी तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), सरायकेला की एक टुकड़ी ने भाग लिया. वहीं, बैंड दल में केजीबीवी सरायकेला एवं राजनगर की किशोरियों ने भाग लिया. (नीचे भी पढ़ें)

उपायुक्त ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को सौहार्दपूर्ण एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक एहतियाती एवं अतिरिक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने मैदान के समतलीकरण, वाटरप्रूफ स्टॉल, वाहन पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया.
पुलिस अधीक्षक ने परेड में शामिल सभी दलों के प्रयासों की सराहना करते हुए परेड को अनुशासित एवं बेहतर ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने सभी से कदम से कदम मिलाकर स्वतंत्रता दिवस समारोह को उत्साह, अनुशासन एवं गरिमापूर्ण ढंग से सफल बनाने की अपील की. इस अवसर पर सरायकेला के अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, जिला खेल पदाधिकारी सह नजारत उप समाहर्ता अमित कुमार, स्थानीय थाना प्रभारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.




