जमशेदपुर : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार (डीसी ऑफिस) में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समन्वय समिति (एनकोर्ड) की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, तस्करी, भंडारण एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण तथा रोकथाम के उपायों की समीक्षा की गई. बैठक में जिले में चिन्हित 10 हॉट स्पॉट पर विशेष रूप से चर्चा करते हुए लगातार प्रभावी एवं दण्डात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने पुलिस एवं उत्पाद विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने तथा सूचना तंत्र को और मजबूत बनाने को कहा. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त ने विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर नशे के दुष्प्रभावों को लेकर नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा नशा मुक्ति एवं पुनर्वास से संबंधित सेवाओं को सक्रिय रखने पर बल दिया. साथ ही मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में त्वरित अनुसंधान एवं दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)
जिला प्रशासन का नागरिकों से अपील है कि ड्रग्स के अवैध व्यापार, सेवन या परिवहन से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास को मजबूत किया जा सके. बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, रेल एसपी, डीटीओ, पुलिस उपाधीक्षक सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.




