जमशेदपुर : कदमा स्थित डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन के सभागार में गुरुवार को शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर “कात्यायनी” दुर्गोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कॉलेज में आयोजित इस सांस्कृतिक उत्सव में संस्थान के बीएड के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कॉलेज के अध्यक्ष डॉ बी चंद्रशेखर, सचिव श्रीप्रिया धर्मराजन, सह सचिव सुधा दिलीप, प्रसाशनिक सचिव सतीश सिंह, मेंटर एंड एडवाइजर डॉ जूही समर्पिता, प्रचार्या डॉ मोनिका उप्पल, एवं उप-प्राचार्या पामेला घोष दत्ता द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. इस वर्ष दुर्गोत्सव का मुख्य आकर्षण “कात्यायनी” नाटिका रही. (नीचे भी पढ़ें)

संगीत शिक्षिका अमृता चौधरी के निर्देशन में 30 से अधिक विद्यार्थियों ने मां दुर्गा के विभिन्न रूपों और महिषासुर वध के प्रसंग को जीवंत रूप से मंच पर उतारा. नाटक में मुख्य भूमिकाएं निभानेवाले विद्यार्थियों के अभिनय और संपूर्ण प्रस्तुति की अतिथियों ने खूब सराहना की. छात्र छात्राओं ने पारंपरिक धुनुची नृत्य और गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं शिक्षिकाओं ने भी गरबा नृत्य प्रस्तुत किया जो कि आकर्षण का केंद्र रहा. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. बी.चंद्रशेखर ने सभी छात्र छात्राओं को शुभकामनाएं दी और कहा कि ऐसे आयोजन भावी शिक्षकों के भीतर सांस्कृतिक मूल्यों और टीम भावना का विकास करते हैं. प्राचार्या डॉ मोनिका उप्पल ने विद्यार्थियों के द्वारा प्रस्तुत नृत्य एवं नाटिका की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य कामना की. पूरे कार्यक्रम का संचालन अंजलि मंडल एवं मनप्रीत कौर ने जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रज्ञा प्रियदर्शिनी ने किया. इस अवसर पर कॉलेज की सभी शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित थे.








