जमशेदपुर : मानगो के गुरुद्वारा रोड पर राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की हत्या का बदला लेने के लिए एक गिरोह द्वारा अपने प्रतिद्वंद्वियों की हत्या की साजिश रचे जाने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, प्रवीर सिंह उर्फ छोटू अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिल कर बदले की योजना बना रहा था और इसके लिए अवैध हथियार भी जुटाए जा रहे थे. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापामारी कर गिरोह के दो सदस्यों को हिरासत में ले लिया. उनके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा गोली की बरामदगी हुई है. मामले में ओलीडीह ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को मानगो के गुरुद्वारा रोड पर राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की हत्या कर दी गई थी. इस मामले में मानगो थाना में मामला दर्ज किया गया था. पुलिस ने इस हत्याकांड के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. फिलहाल इस मामले का अनुसंधान जारी है. इसी बीच शुक्रवार, 23 अक्टूबर को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि राहुल बच्चा की हत्या का बदला लेने के लिए प्रवीर सिंह उर्फ छोटू अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर योजना बना रहा है. सूचना के अनुसार, गिरोह के सदस्य अवैध आग्नेयास्त्र भी एकत्र कर रहे थे और अपने प्रतिद्वंद्वियों को निशाना बनाने की तैयारी में थे. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पटमदा पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार के नेतृत्व में छापामार दल का गठन किया गया. छापामार दल ने प्रवीर सिंह उर्फ छोटू और उसके गिरोह के सदस्यों से जुड़े ठिकानों पर छापामारी की. इस दौरान गिरोह के दो सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने बताया कि प्रवीर सिंह के नेतृत्व में गिरोह के अन्य सदस्य राहुल बच्चा की हत्या का बदला लेने के लिए अपने प्रतिद्वंद्वियों की हत्या करने की योजना बना रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने कथित तौर पर बदले की कार्रवाई के लिए जुटाए गए हथियार भी बरामद कर विधिवत जब्त कर लिए हैं. इस संबंध में ओलीडीह ओपी में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में शुभम कुमार साव (न्यू उलीडीह), मानगो गुरुद्वारा रोड निवासी अभिषेक सिंह उर्फ लाड (22 वर्ष) शामिल हैं. उनके पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा एवं एक जिंदा गोली बरामद की है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुभम कुमार साव के खिलाफ पूर्व में ओलीडीह, परसुडीह, गोविंदपुर, मानगो एवं बिष्टुपुर थानों में कई मामले दर्ज हैं. इसी प्रकार अभिषेक सिंह उर्फ लाड पर भी हत्या का मामला दर्ज है.





