
जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत चौकेगड़िया चौक के समीप शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में छोटा लापांग गांव के वार्ड सदस्य मनोरंजन महतो उर्फ मंटू (40) की जान चली गई. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया. मिली जानकारी के अनुसार, मनोरंजन महतो शनिवार शाम करीब छह बजे कुकड़ू-चौकेगड़िया चौक के पास थे. इसी दौरान एक भारी वाहन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई. घटना की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. वहीं, हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया. आंदोलनकारी सुनील कुमार महतो के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने फरार वाहन चालक की पहचान करने, दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की. (नीचे देखे पूरी खबर)

सूचना मिलने पर तिरुलडीह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में शाम होते ही बालू लदे भारी वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं. इनमें कई वाहन ओवरलोड रहते हैं और यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं. इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है. हालांकि, इस हादसे में शामिल वाहन बालू लदा था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ाने, वाहनों की गति नियंत्रित कराने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. गौरतलब है कि घटना से दो दिन पहले ही नीमडीह-कुकड़ू अंचल के अंचल अधिकारी अभय रंजन द्विवेदी ने अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई को लेकर सख्त रुख अपनाया था. उन्होंने बताया था कि उपायुक्त और जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी तथा तिरुलडीह एवं नीमडीह थाना पुलिस के सहयोग से लगातार अभियान चलाया जा रहा है. अंचल अधिकारी के अनुसार, एसआईआर कार्य में व्यस्तता के कारण छापेमारी की गति प्रभावित हुई है, लेकिन अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई जारी है. उन्होंने स्पष्ट किया था कि ट्रैक्टर या हाइवा के जरिए अवैध खनन करने वालों के खिलाफ केवल जुर्माना लगाने तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.





