जमशेदपुर : सार्वजनिक छठ पर्व समिति की ओर से सीटू तालाब में छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित हुई. बैठक में इस वर्ष छठ पर्व को पिछले वर्ष की तुलना में और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर चर्चा हुई. समिति के सदस्यों ने पूजा की तैयारियों, श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर अपने विचार साझा किए. (नीचे भी पढ़ें)
समिति के संस्थापक सुमित सिंह ने बताया कि इस वर्ष समिति का दूसरा साल है. समिति की ओर से छठ महापर्व को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाने की तैयारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि छठ पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और आयोजन को भव्य बनाने के लिए सभी सदस्य मिलकर कार्य करेंगे. उन्होंने बताया कि संध्या अर्घ के दिन शाम सात बजे से माता के जागरण का आयोजन किया जाएगा. इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालु शामिल होकर भक्ति गीतों का आनंद ले सकेंगे. वहीं, सुबह के अर्घ के बाद श्रद्धालुओं के बीच भोग वितरण किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में आयोजन को सफल बनाने के लिए आपसी सहयोग और जिम्मेदारियों को लेकर भी चर्चा हुई. समिति के सदस्यों ने छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया. इस अवसर पर समिति के संस्थापक सुमित सिंह के अलावा जीतू सिंह, विश्वजीत चौधरी, नंदू, सौरव मजुमदार, युवी, गौरव सिंह, नीरज गुप्ता सहित समिति के कई युवा साथी उपस्थित रहे.








