जमशेदपुर : जमशेदपुर में लगभग 82 दिनों के बाद एक बार फिर जमशेदपुर में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 200 पार हो गया है. शुक्रवार को जमशेदपुर में 20 नए मरीज मिलने के साथ ही जमशेदपुर में फिलहाल एक्टिव मरीजों की संख्या 206 पहुंच गई है. कोरोना पीक के ढलान पर 5 जनवरी को जमशेदपुर में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 207 था. कोरोना के बढ़ते मामले और गुरुवार साकची स्थित यस बैंक के आठ कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद यस बैंक को शुक्रवार को अगले सात दिन के लिए सील कर दिया गया है. वहीं, सभी कर्मचारियों को होम क्वारिन्टाइन में रहने का निर्देश दिया गया है. इधर, शुक्रवार को जमशेदपुर में कुल 2208 लोगों की कोरोना जांच हुई. इसमें 20 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले. ये सभी शहरी क्षेत्र के रहने वाले हैं. वहीं, 1699 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया. रिपोर्ट सोमवार तक आने की संभावना है. इसके साथ ही विभिन्न कोविद अस्पतालों में भर्ती कुल 13 लोग स्वस्थ होकर वापस घर लौटे. जमशेदपुर में अभी तक 18626 लोगों संक्रमित मिल चुके हैं. इसमें 18045 लोग स्वस्थ होकर वापस घर लौट चुके हैं जबकि 375 लोगों की मौत हो चुकी हैं. जमशेदपुर में शुक्रवार को 1756 लोगों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली. वहीं, 647 लोगों ने दूसरी डोज ली. इसमें सबसे अधिक धालभूमगढ़ प्रखंड में कुल 486 ने वैक्सीन ली. जमशेदपुर में अभी तक कुल 70351 लोगों ने वैक्सीन की पहली व 17425 लोगों ने दूसरी डोज ली.