जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गणेश नगर निवासी विजय सिंह मोनू पर की गयी फायरिंग की घटना में कुल तीन लोग घायल हो गये. घायलों में एक विजय सिंह मोनू, बगल में रहने वाले अर्जुन ठाकुर की पत्नी और एक मजदूर घायल हो गया. तीनों को घायल हालत में टीएमएच में भर्ती कराया गया है. तीनों खतरे से बाहर बताये जा रहे है. जमशेदपुर के सिटी एसपी मुकेश लुणायत इस मामले की जांच खुद कर रहे है, जिसमें घटना को अंजाम देने में अखिलेश सिंह गैंग के ही एक अन्य गुट कन्हैया सिंह का करीबी बताया जा रहा है. कन्हैया सिंह ने इससे पहले भी मोनू पर हमला किया था, जिसमें मोनू खुद कन्हैया सिंह पर गोलियां चला दी थी. सिटी एसपी ने मोनू से बयान लिया है. (नीचे भी पढ़ें और देखें वीडियो)
इसके अलावा घटनास्थल से भी कई जानकारी हासिल की है, जहां से चार खोखे बरामद किये गये है. अब तक जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे की यह घटना है. विजय कुमार सिंह मोनू अपने घर के आगे कुछ काम करा रहा था. राजमिस्त्री और लेबर लगा हुआ था. काम के दौरान ही अचानक से चार लड़के दो बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे. मोनू को लक्ष्य कर गोलियां चलाने लगे. मोनू वहां से बगल के अर्जुन ठाकुर के घर में घुसा, जहां एक महिला सब्जी काट रही थी. गोलियां ताबड़तोड़ चलायी गयी, जिसमें अर्जुन ठाकुर की पत्नी भी घायल हो गयी. उसके पैर में गोली लगी. (नीचे भी पढें)
इस बीच विजय सिंह मोनू के भी पेट और पैर में गोली लगी. वहीं, गोली चलने के दौरान एक ठेका कर्मचारी को भी गोली लग गयी, जो वहां काम कर रहा था. बागबेड़ा में इससे पहले भी मोनू पर कन्हैया सिंह गिरोह के लोगों ने गोली चलायी थी. मोनू और कन्हैया सिंह अखिलेश सिंह गैंग में शामिल था. बताया जाता है कि दोनों के बीच विवाद हो गया. इसके बाद से दोनों एक दूसरे के जान के प्यासे बन गये. इस मामले में भी कन्हैया सिंह का नाम सामने आया है. पुलिस ने उसके घर पर छापामारी की है और उससे जुड़े कई लोगों को हिरासत में लिया है.