जमशेदपुर : जमशेदपुर होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन की ओर से आगामी 8 जनवरी को मास्टर शेफ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में जमशेदपुर कार्निवाल के तहत इसका आयोजन किया जायेगा। गृहणियों के अलावा पुरुष और महिला युवा शेफ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें स्कूली बच्चे भी हिस्सा ले सकते हैं। यह जानकारी देते हुए जेएचआरए के पदाधिकारियों ने बताया कि जमशेदपुर कार्निवाल के साथ जमशेदपुर होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन जुड़ा हुआ है और पूरे उत्सव को और अधिक रोचक बनाने के लिए इस तरह की प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता इस बात पर जोर देगी कि खाना पकाना कोई दैनिक काम नहीं है, बल्कि यह समर्पण, ज्ञान, धैर्य और विशेषज्ञता से जुड़ा है। (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि हमारा शहर गुणवत्तापूर्ण भोजन परोसने के लिए जाना जाता है और एसोसिएशन ऐसे लोगों से जुड़ना चाहता है, जिन्हें खाना पकाने का शौक है। यह प्रतियोगिता 8 जनवरी (रविवार) की शाम 4 से 5 बजे श्रेणी “ए”-आयु वर्ग 10 से 18 वर्ष “द लिटिल शेफ” के लिए होगी। इसमें प्रतिभागी अपनी पसंद के हेल्दी टिफिन के कोई भी 2 आइटम बना सकते हैं। खाना पकाने की अवधि 1 घंटा होगी, जबकि प्रवेश शुल्क 200 रुपये है। शाम 4 से 5 बजे तक श्रेणी “बी” 19 वर्ष आयु वर्ग और उससे अधिक पुरुष महिला “द मास्टर शेफ” बाजरा (ज्वार, कोदो, बाजरा, रागी, क्विनोआ) से अपनी पसंद का 1 नमकीन और 1 मिठाई बनायेंगे। खाना पकाने की अवधि 1 घंटा तथा प्रवेश शुल्क 200 रुपये है। अधिक जानकारी के लिए स्मिता पारिख से मोबाइल नंबर 9334803900 संपर्क किया जा सकता है। जमशेदपुर होटलियर्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन भी फूड फेस्टिवल आयोजित कर कार्निवाल में भाग ले रहा है. हैदराबादी से लेकर चाइनीज फूड अलग-अलग स्टॉल पर परोसे जाएंगे। शहर के होटल यहां अपने बेहतरीन व्यंजनों का प्रदर्शन करेंगे।