रांची / जमशेदपुर : शुक्रवार को झारखंड वासियों का इंतजार खत्म हुआ, जहां मॉनसून की एंट्री हो गयी. झारखंड में पाकुड़ और साहेबगंज के रास्ते मॉनसून की एंट्री हुई है. हालांकि इस बार ये अपने तय समय से पिछड़ गया और करीब 6 दिन की देरी से झारखंड पहुंचा है. इसके पहले गर्मी ने लोगों का हाल खराब कर दिया था. मॉनसून की एंट्री से लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिलेगी. मॉनसून की पुष्टि रांची केंद्र के मौसम विशेषज्ञ डॉक्टर अभिषेक आनंद ने की है. मॉनसून के आने से झारखंड के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश होगी. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान हवा की गति 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी. गौरतलब है कि इससे पूर्व यानी गुरुवार को मौसम विभाग ने बताया था कि मॉनसून की एंट्री झारखंड में जल्द होने वाली है. बंगाल की खाड़ी में मॉनसून की परिस्थितियां अनुकूल बनी है. इससे दो दिन में संताल परगना के रास्ते मॉनसून की एंट्री होगी. परंतु शुक्रवार को दक्षिणी पश्चिमी मॉनसून का झारखंड में प्रवेश हो चुका है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी.