जमशेदपुर : झारखंड के विधानसभा चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड की ओर से जबरदस्त तैयारी चल रही है. केंद्र और बिहार में भाजपा की सहयोगी पार्टी जदयू का झारखंड में बगावती तेवर जारी है. जमशेदपुर के सर्किट हाउस में जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू ने झारखंड मुक्ति मोर्चा और भाजपा दोनों को एक सिक्के का दो पहलू करार देते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में अकेले दम पर चुनाव लड़ने की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने बताया कि आगामी 22 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक पूरे झारखंड में जदयू जन भावना रैली का आयोजन कर झारखंड मुक्ति मोर्चा और भाजपा के कुशासन की जानकारी जनता को देने का काम करेगी. जहां पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के नेता जनसभाओं को संबोधित करेंगे. वहीं उन्होंने मुख्यमंत्री के जोहार जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान सोरेन परिवार पर भ्रष्टाचार के आरोपों को सिद्ध करने की चुनौती देते हुए 1 सप्ताह के भीतर एफआईआर दर्ज करने की मांग की. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी रैलियों में सोरेन परिवार पर अरबों की जमीन घोटाला करने का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन अब तक प्रमाण होने के बावजूद मुख्यमंत्री द्वारा सोरेन परिवार पर एफआईआर दर्ज नहीं किया गया. सलखन मुर्मू ने आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूत दावेदारी पेश करने की बात कही है. वहीं उन्होंने जन भावना रैली को सफल बनाए जाने को लेकर कार्यकर्ताओं संग विचार-विमर्श भी किया.