जमशेदपुर : आदिवासी ” हो ” समाज की केंद्रीय समिति की एक बैठक मंगलवार को एग्रिको स्थित “हो” समाज के कार्यालय में हुई। बैठक में आगामी 27 फरवरी से आरंभ हो रहे हो समाज के महत्वपूर्ण त्योहार मांगे पोरोब को विशेष रूप से आयोजित करने को लेकर चर्चा की गयी। इसमें सर्वसम्मति से जिला प्रशासन के द्वारा जारी कोरोना गाइडलाइंस का अनुपालन करते हुए यह पर्व मनाने की सहमति बनी। साथ ही इस पर्व को मनाने के लिए संस्कृति के अनुरूप रूपरेखा तैयार की गयी। इस आयोजन को लेकर बैठक में विभिन्न निर्णय लिये गये। निर्णयों के तहत बताया गया कि 27 फरवरी 2022 (रविवार) को -“बोडो बोंजी” सिदगोड़ा बारा फ्लैट जाहिरा स्थान में आयोजन किया जायेगा। उसके बाद 5 मार्च 2022 (शनिवार) को समाज के लोगों के लिए खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन सिदगोड़ा बारा फ्लैट मैदान में किया जायेगा। 6 मार्च 2022 (रविवार) को मांगे बोंगा (पूजा) बारा फ्लैट जाहिरा स्थान में होगा। तत्पश्चात 13 मार्च 2022 (रविवार) को “बा पोरोब” बारा फ्लैट जाहेरा स्थान में सभी कार्यक्रम धार्मिक रीति रिवाज के अनुसार आयोजित किए जाएंगे। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष भगवान चातर ने की। बैठक का संचालन सोमनाथ बानरा और धन्यवाद ज्ञापन डूबरू पांड्या ने किया। बैठक में सुकूमोती कांडाईबुरु, दीपक बिरूली, हेमंत सिंह बिरुवा, डिबरू पांड्या, लोतो सामड, राहुल हो, मीना तामसोय, कुंती बोदरा, बीएन बोदरा समेत अन्य लोग उपस्थित थे।