
जमशेदपुर : झारखंड मजदूर यूनियन ने टाटा संस के सम्मानित चेयरमैन रतन टाटा के एक पत्र पर असंतोष जताते हुए कहा है कि दलित सफाई कर्मियों की सीधी बहाली करनी होगी. अन्यथा इस मसले को लेकर यूनियन तथा टाटा स्टील दलित निबंधित कर्मचारी पुत्र संघ संयुक्त रूप से झारखंड की राजधानी रांची से लेकर देश की राजधानी दिल्ली तक आंदोलन करेगा. झारखंड मजदूर यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान उक्त जानकारी दी. उन्होंने बताया कि रतन टाटा का एक पत्र आया है, जिसमें उन्होंने दलित एवं आदिवासियों के प्रति कार्यों की उपलब्धि का जिक्र किया है. उस पत्र में कहा गया है कि जब तक कंपनी को कर्मचारियों की जरूरत थी, तब तक हमने सभी को रोजगार का अवसर दिया.
दुलाल भुइयां ने कहा है कि हम रतन टाटा के पत्र से संतुष्ट नहीं हैं. झारखंड मजदूर यूनियन की मांगों को यदि दरकिनार किया गया, तो झारखंड राज्य के मुख्यमंत्री आवास पर जोरदार आंदोलन किया जायेगा. उन्होंने कहा कि जितने भी दलित निबंधित कर्मचारी पुत्र हैं उनकी कंपनी में सीधी बहाली होनी चाहिए. यदि हमारी मांगों की अनदेखी की गयी, तो राज्य के राज्यपाल के आवास, दिल्ली में देश के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, केंद्रीय श्रम मंत्री, अनुसूचित जाति जनजाति मंत्री के आवास के समक्ष जोरदार आंदोलन किया जायेगा. संवाददाता सम्मेलन में निमाई मंडल, राजू सामंत, दीपक मंडल, अमित दास, चैतन मुखी, मन्नू मंडल, मिथिलेश दास, प्रह्लाद लोहार, विभूति सरदार, शंकर राव, बिंदिया, सविता दास, शांति मुखी, खगेन महतो, रविंद्र भट्टाचार्य, बलदेव भुइयां व अन्य उपस्थित थे.











