
जमशेदपुर : सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को अध्यक्ष विजय आनंद मूनका के नेतृत्व में जियाडा (पहले आयडा) के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रेम रंजन से मुलाक़ात की औऱ उद्यमियों को आ रही समस्याओं की ओर उनका ध्यान आकृष्ट किया. विजय मूनका ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में बिजली, सड़क की व्यवस्था दुरुस्त हो ताकि औद्योगिक गतिविधियां सुचारू रूप से चलती रहे. 5 से 10 हज़ार तक का जमीन आवंटन बिडिंग के आधार पर ना होकर लॉटरी या किसी अन्य माध्यम से होनी चाहिये ताकि छोटे उद्यमियों को इसका लाभ मिल सके. उन्होंने कहा कि ग्रीन सेस और इलेक्ट्रिसिटी दर को कम किये जाने की मांग प्रबंधक से की. उन्होंने मांग की कि क्षेत्र में डीवीसी को बिजली वितरण का अधिकार मिलना चाहिये ताकि उद्यमियों को सही दर पर निर्बाध बिजली मिल सके. इन्होंने मांग की कि क्षेत्र में बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनियों को आमंत्रित करके उद्योग स्थापित करने हेतु प्रोत्साहित करना चाहिये ताकि यहां के लघु उद्योगों को बाजार मिल सके एवं रोजगार में वृद्धि हो सके. उन्होंने एक ज्ञापन के माध्यम से उद्यमियों के समक्ष आने वाली औऱ भी कई समस्याओं के निराकरण की मांग की. क्षेत्रीय प्रबंधक नें प्रतिनिधिमंडल की बातों को धैर्यपूर्वक सुना और सकारात्मक निदान का आश्वासन दिया. प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से महासचिव मानव केडिया, कोषाध्यक्ष किशोर गोलछा, सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स )अनिल मोदी एवं विष्णु गोयल उपस्थित थे.



