जमशेदपुर : विधानसभा निर्वाचन 2019 के मद्देनजर पूर्वी सिंहभूम जिले में पिछले 7 दिसंबर 2019 को मतदान कार्य के लिए प्रतिनियुक्त वैसे मतदान कर्मी जो मतदान कार्य के दौरान अनुपस्थित रहे उनके विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951, की धारा 134 एवं अन्य सुसंगत धारा के आलोक में विधानसभा वार मतदान कार्य से अनुपस्थित रहे कर्मियों को शो कॉज किया है. मतदान कार्य से अनुपस्थित रहे विधानसभा वार मतदान कर्मियों की बात की जाये तो 44 बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र में 1, 45 घाटशिला विधानसभा में 4, 46 पोटका विधानसभा में 7, 47 जुगसलाई विधानसभा में 9 तथा 49 जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र में 14 मतदान कर्मी अनुपस्थित रहे. जिला प्रशासन की ओर से बताया गया है कि समयावधि में इन मतदान कर्मियों द्वारा संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी.







