
चाईबासा : टोंटो प्रखंड अंतर्गत पुरानापानी पंचायत के बान्डीजारी गांव में असामाजिक तत्वों के द्वारा इमली के तीन विशालकाय पेड़ों में रात में आग लगा दी गई थी, जिसे काफी मशक्कत के बाद बुझाने में कामयाबी मिली. अन्यथा किसानों के खलिहान तक आग पहुंच जाती और काफी नुकसान होता. जानकारी के अनुसार पेड़ों में आग लगाये जाने के संबंध में जिला परिषद उपाध्यक्ष चांदमानी बालमुचू व सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र गोप को ग्रामीण मुंडा एवं डाकुआ के माध्यम से दी सूचना दी गई. तब झींकपानी प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभात रंजन चौधरी के माध्यम से एसीसी सीमेंट प्लांट की ओर से एक अग्निशमन वाहन की व्यवस्था की गई. मगर गाड़ी जाने के लिए जगह कम होने के कारण नीमडीह गांव के पास गाड़ी खेत में उतर गई, जो दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई. विलम्ब होने के कारण जितेंद्र गोप की पहल पर जिला अग्निशमन विभाग से आग बुझाने के लिए एक और वाहन की व्यवस्था की गई एवं टोंन्टो बीडीओ एवं टोंन्टो थाना प्रभारी के सहयोग से घटनास्थल पर पहुंचकर आग को ज्यादा फैलने से पहले ही बुझाया गया. बताया जाता है कि अगर समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो गांव के खलियान में रखे धान पुआल सहित गांव में भी आग लग सकती थी. आग बुझाने में जिला परिषद उपाध्यक्ष चांदमानी बालमुचू, सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र गोप, टोटों प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी देवराम भगत , झींकपानी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभात रंजन चौधरी, टोंन्टो थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह, एवं एसीसी के कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा.








